ग्राम सभा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से खजुरडंगल में दो दिवसीय ‘अबूआ साथी’ प्रशिक्षण शिविर संपन्न
शुक्रवार, 8 मई 2026
Comment
पाकुड़िया: पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के खजुरडंगल पंचायत भवन में लोक कल्याण सेवा केंद्र, देवीनगर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘अबूआ साथी’ प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ। 6 और 7 मई 2026 को आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्राम सभा को सशक्त बनाना तथा स्थानीय प्रतिनिधियों और ग्रामीण सहयोगियों को सरकारी योजनाओं, पंचायत व्यवस्था और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षण शिविर में पंचायत स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना गीतों के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों के बीच पूर्व सत्रों के अनुभवों और ग्राम सभा से जुड़े कार्यों को लेकर चर्चा की गई। पहले दिन प्रतिभागियों को केस स्टडी के माध्यम से तीन समूहों में विभाजित कर ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को व्यवहारिक तरीके से समझाया गया। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी), पंचायत निगरानी प्रक्रिया तथा ‘मेरी पंचायत ऑनलाइन पोर्टल’ की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा ‘पेसा गाड़ी’ के माध्यम से पेसा कानून की नियमावली और आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभा की भूमिका को लेकर विशेष जानकारी साझा की गई।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन जल संकट और ‘जल जीवन मिशन’ विषय पर विशेष चर्चा की गई। प्रतिभागियों को जल जीवन मिशन (जेजेएम) पोर्टल के उपयोग, निगरानी संकेतकों की पहचान और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही ‘जवाबदेही अभियान’ के अंतर्गत पंचायत स्तर पर पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनसहभागिता बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई।
दूसरे दिन के प्रशिक्षण सत्र में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से जय वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जल जीवन मिशन की बारीकियों, पंचायतों की जिम्मेदारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने अबूआ साथियों का उत्साहवर्धन करते हुए ग्राम सभा को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में लोक कल्याण सेवा केंद्र के परियोजना समन्वयक सोहेल, पंचायत समन्वयक अनवर, आशीष तथा फील्ड कर्मी सुनीत टूटू, गिनी हांसदा, मार्शिला मुर्मू और ओलेंडों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस प्रशिक्षण शिविर में कुल 14 अबूआ साथी और 3 सहयोगियों ने भाग लिया, जो अब अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम सभा को मजबूत करने और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का कार्य करेंगे।
0 Response to "ग्राम सभा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से खजुरडंगल में दो दिवसीय ‘अबूआ साथी’ प्रशिक्षण शिविर संपन्न"
एक टिप्पणी भेजें