-->
नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, महेशपुर थाना में मामला दर्ज

नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, महेशपुर थाना में मामला दर्ज

महेशपुर : थाना क्षेत्र के बेनादती गांव निवासी रेनूबाला टुडू ने गुरुवार शाम महेशपुर थाना में आवेदन देकर देवपुर गांव निवासी राज मरांडी के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की छानबीन में जुट गई है।
आवेदन में रेनूबाला टुडू ने बताया है कि वह एक गरीब एवं विधवा महिला है और उसका एकमात्र पुत्र है। आरोपित राज मरांडी पूर्व से परिचित था। उसने भरोसा दिलाया था कि वह उसके पुत्र की नौकरी मेडिकल विभाग में चपरासी पद पर लगवा देगा। इसके एवज में एक लाख 10 हजार रुपये की मांग की गई। पुत्र को नौकरी की आवश्यकता होने के कारण 13 फरवरी 2025 को रेनूबाला टुडू ने आरोपित को एक लाख 10 हजार रुपये नगद दे दिए।
वादिनी के अनुसार, आरोपित ने अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये लिए। अहिल्यापुर गांव निवासी बिंदु हांसदा से पाकुड़ में नर्स की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये तथा लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के डुमरिया निवासी नेहा हांसदा से भी नर्स की नौकरी लगवाने का भरोसा देकर 50 हजार रुपये लिए गए।
आरोप है कि राज मरांडी ने सभी लोगों से कहा था कि छह महीने के भीतर नौकरी लग जाएगी और यदि नौकरी नहीं लगी तो पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। लेकिन करीब 10 महीने बीत जाने के बाद भी किसी की नौकरी नहीं लगी। इसके बाद सभी लोग आरोपित के घर पहुंचे और रुपये वापस करने की मांग की। इस दौरान आरोपित लगातार आज-कल कहकर रुपये लौटाने का आश्वासन देता रहा।
मामले को लेकर 20 जनवरी 2026 को आरोपित और वादिनी के बीच समझौता भी हुआ था, जिसमें मार्च 2026 तक पूरी राशि लौटाने की बात तय हुई थी। इस समझौते में फ्रांसिस हेम्ब्रम एवं चारलेश हेम्ब्रम गवाह के रूप में मौजूद थे। हालांकि मार्च और अप्रैल बीत जाने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए।
इसके बाद रेनूबाला टुडू ने महेशपुर थाना में आवेदन देकर नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपों की जांच में जुटी हुई है तथा पूरे मामले की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

0 Response to "नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, महेशपुर थाना में मामला दर्ज"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4