-->
बाल आश्रय गृह और ग्रामीण क्षेत्रों में चला व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम

बाल आश्रय गृह और ग्रामीण क्षेत्रों में चला व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम

पाकुड़: झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में नब्बे दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत बाल आश्रय गृह पाकुड़, पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हिरणपुर तथा दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा डीएलएसए सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
बाल आश्रय गृह पाकुड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू एवं चाइल्ड कोऑर्डिनेटर पीसीआई यूनिसेफ मो अनीस ने संयुक्त रूप से बच्चों को शिक्षा, कौशल विकास तथा कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए आत्मविश्वास बढ़ाने, अनुशासन में रहने, जीवन में आदर्श स्थापित करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को जीवन में सही दिशा चुनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया।
वहीं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य तथा विभिन्न कानूनों और अधिनियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नालसा की योजनाओं के बारे में बताते हुए मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने हेतु नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी लोगों को दी।
कार्यक्रम के दौरान समाज में फैली कुरीतियों और अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। डायन बिसाही, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, बाल श्रम जैसे गंभीर सामाजिक अपराधों एवं उनसे संबंधित दंड प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने तथा कानून का सहयोग लेने की अपील की गई।
इस अवसर पर मेडिएटर सुमित्रा रानी सिंह, कोऑर्डिनेटर तालामय किस्कू, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स मैनुल शेख, पिंकी मंडल, मोलिता कुमारी, विजय कुमार राजवंशी, नीरज कुमार राउत सहित संबंधित विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षक, छात्राएं एवं बाल आश्रय गृह पाकुड़ के कर्मी मौजूद रहे।

0 Response to "बाल आश्रय गृह और ग्रामीण क्षेत्रों में चला व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4