-->
जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर आयोजित, बंदियों को दी गई कानूनी सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर आयोजित, बंदियों को दी गई कानूनी सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

पाकुड़ : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में पाकुड़ मंडल कारा में जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ की सचिव रूपा बंदना किरो उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएलएसऐ सचिव रूपा बंदना किरो, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार, डिप्टी चीफ मो नुकुमुद्दीन शेख, एलएडीसीएस के सहायक गंगाराम टुडू, डॉ एस के झा, डॉ संभली तथा जेल प्रशासनिक अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सचिव रूपा बंदना किरो ने बंदियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से प्ली बार्गेनिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यदि कोई बंदी स्वेच्छा से दोष स्वीकार करता है, तो उसे कानून के तहत कई प्रकार के लाभ प्राप्त हो सकते हैं। छोटे और सुलहनीय अपराधों में प्ली बार्गेनिंग के माध्यम से सजा में कमी, मामलों का त्वरित निष्पादन, जेल से शीघ्र रिहाई तथा समय की बचत जैसे महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी बंदियों को दी गई।
उन्होंने यह भी बताया कि किन-किन मामलों में प्ली बार्गेनिंग लागू होती है तथा इसकी प्रक्रिया क्या होती है। कार्यक्रम के दौरान बंदियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जानकारी ली गई।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो नुकुमुद्दीन शेख ने बंदियों को डीएलएसऐ के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, जमानत से संबंधित अधिकारों एवं विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है, ताकि सभी को न्याय मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान जेल परिसर में चिकित्सीय जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में बंदियों की रक्तचाप, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बंदियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव रूपा बंदना किरो ने जेल पुस्तकालय, विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच की। इसके अलावा जेल की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण कर जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर डीएलएसऐ के कर्मी, जेल प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक तथा मेडिकल टीम के सदस्य मौजूद रहे।

0 Response to "जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर आयोजित, बंदियों को दी गई कानूनी सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4