पेट्रोल पंप से 16 चक्का हाइवा चोरी, पुलिस जांच में जुटी
मंगलवार, 7 जुलाई 2026
Comment
पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र में चोरों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। गोकुलपुर स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप से रविवार देर रात करीब 12 बजे एक 16 चक्का हाइवा (वाहन संख्या– जेएच 16 एच 7067) चोरी हो गई। चोरी गई हाइवा ठेकेदार अनिकुल शेख उर्फ अनिकुल आलम की बताई जा रही है। घटना के बाद वाहन मालिक ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, हाइवा चालक डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचा था, लेकिन वहां डीजल उपलब्ध नहीं होने के कारण वाहन को वहीं खड़ा कर दिया गया। वाहन मालिक ने बताया कि हाइवा 2 जुलाई से पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी थी। सोमवार को जब मैनेजर एवं केयरटेकर मोहम्मद आजम शेख वाहन की देखरेख के लिए पेट्रोल पंप पहुंचे तो वहां खड़ी तीन हाइवा में से एक गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वाहन मालिक अनिकुल शेख को दी, जो उस समय किसी कार्य से रांची गए हुए थे।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों ने वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। हाइवा को लेकर जाने से पहले उसमें लगे टाटा मोटर्स और बीजीआर कंपनी के दोनों जीपीएस उपकरण उखाड़कर घटनास्थल पर ही फेंक दिए, ताकि वाहन की लोकेशन का पता नहीं चल सके। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी की घटना पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद सोमवार शाम नगर थाना में लिखित आवेदन दिया गया। मंगलवार को नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मिथुन रजक तथा पुलिस अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस पेट्रोल पंप एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और जहां से नियमित रूप से पुलिस की गश्ती होती है, वहीं से इतने बड़े वाहन की चोरी होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
0 Response to "पेट्रोल पंप से 16 चक्का हाइवा चोरी, पुलिस जांच में जुटी"
एक टिप्पणी भेजें