एक किलोमीटर सड़क के अभाव में 40 परिवार बेहाल
मंगलवार, 7 जुलाई 2026
Comment
महेशपुर : महेशपुर प्रखंड के देवीनगर पंचायत अंतर्गत टीटी डांगल गांव के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से महज एक किलोमीटर सड़क के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गांव तक जाने वाली कच्ची सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे करीब 40 परिवारों को रोजाना आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पक्की सड़क निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार मुखिया से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला और समस्या जस की तस बनी रही। थोड़ी सी बारिश होते ही पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। ऐसे में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, जबकि बाइक और एंबुलेंस का गांव तक पहुंचना लगभग असंभव हो जाता है।
गांव के दर्जनों स्कूली बच्चों को प्रतिदिन इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। बरसात के मौसम में कई बच्चे कई दिनों तक विद्यालय नहीं पहुंच पाते। वहीं किसी के बीमार होने पर परिजनों को मरीज को लगभग एक किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिससे आपातकालीन स्थिति में परेशानी और बढ़ जाती है।
ग्रामीण शांति देवी ने बताया कि चुनाव के समय सभी जनप्रतिनिधि गांव में वोट मांगने आते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद कोई भी गांव की समस्या की सुध लेने नहीं आता। ललिता देवी, मुग़ली देवी, सुलोचना देवी, लालजी सह, कालीचरण सह, निर्मल सह, बीरेन सह, महाबीर सह और परेश सह सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।
0 Response to "एक किलोमीटर सड़क के अभाव में 40 परिवार बेहाल"
एक टिप्पणी भेजें