जर्जर सड़क से ग्रामीण बेहाल, निर्माण की उठी मांग
मंगलवार, 7 जुलाई 2026
Comment
पाकुड़िया : प्रखंड के पितालगड़िया पीडब्ल्यूडी सड़क से मलिकपुर होते हुए पालियादाहा तक जाने वाली करीब 3.5 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क जर्जर होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और राहगीरों के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बारिश के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। विद्यालय जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाने या आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस के आवागमन में भी भारी कठिनाई होती है।
स्थानीय ग्रामीण हनीफ मियां ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से ग्रामीण जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क का शीघ्र पक्कीकरण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
0 Response to "जर्जर सड़क से ग्रामीण बेहाल, निर्माण की उठी मांग"
एक टिप्पणी भेजें