सिंदरी में मनाई गई स्व. रामविलास पासवान की 80वीं जयंती, LJP (रामविलास) ने किया नमन
रविवार, 5 जुलाई 2026
Comment
सिंदरी: रविवार को सिंदरी स्थित रोड़ा बांध में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा पार्टी के संस्थापक एवं भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की 80वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत 80वीं जयंती के अवसर पर केक काटकर समारोह को यादगार बनाया गया।
सिंदरी खाद कारखाने के पुनर्जीवन में था बड़ा योगदान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि सिंदरी के खाद कारखाने के पुनर्जीवन में स्वर्गीय राम विलास पासवान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके प्रयासों से सिंदरी के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली तथा क्षेत्र में अन्य औद्योगिक संस्थानों के विकास का मार्ग भी प्रशस्त हुआ।
दूरसंचार और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका
इस अवसर पर भोला पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय राम विलास पासवान ने देश में दूरसंचार क्षेत्र के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके परिणामस्वरूप आज मोबाइल संचार आम लोगों तक पहुंच सका।
जिला अध्यक्ष संजय पासवान ने कहा कि आज उनकी 80वीं जयंती मनाते हुए हम सभी उनके संघर्ष, कार्यशैली और जनसेवा को स्मरण कर रहे हैं। उन्होंने हर परिस्थिति में दृढ़ता के साथ कार्य किया और जिस भी मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली, वहां उल्लेखनीय कार्य किए।
पार्टी के सचिव रवींद्र प्रसाद ने कहा कि गरीबों के कल्याण एवं खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने में स्वर्गीय राम विलास पासवान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज देश के करोड़ों जरूरतमंद लोगों तक सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ पहुंचाने में उनकी नीतियों की अहम भूमिका रही है।
पतंजलि परिवार के उमाशंकर सिंह ने भी स्वर्गीय राम विलास पासवान के व्यक्तित्व एवं उनके सामाजिक तथा राजनीतिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में एस के सिंह, मिहिर मंडल, गणेश पासवान, राजन कुमार चंचल, बुधन राम, अशिम कुमार मंडल, सोनू कुमार ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 Response to "सिंदरी में मनाई गई स्व. रामविलास पासवान की 80वीं जयंती, LJP (रामविलास) ने किया नमन "
एक टिप्पणी भेजें