योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, जिलेभर में प्रशिक्षण अभियान
मंगलवार, 7 जुलाई 2026
Comment
पाकुड़: स्वस्थ शरीर को सफल जीवन की आधारशिला मानते हुए आयुष विभाग ने जिलेभर में योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया। आयुर्विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना है।
मंगलवार को जिले के पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित 40 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने नागरिकों को योग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया और नियमित योग करने से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन अधिक संतुलित बनता है। आयुष विभाग का यह अभियान लोगों को प्राकृतिक एवं निरोग जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में लगातार जारी है।
0 Response to "योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, जिलेभर में प्रशिक्षण अभियान"
एक टिप्पणी भेजें