जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, पेयजल व्यवस्था की उपायुक्त ने की समीक्षा
मंगलवार, 7 जुलाई 2026
Comment
पाकुड़: जिले में संचालित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को सभी जलापूर्ति योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा आमजन को सुरक्षित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, निर्माणाधीन कार्यों, भूमि संबंधी समस्याओं तथा पेयजल उपलब्धता की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान पाकुड़ ग्रामीण जिला जलापूर्ति योजना के तहत संग्रामपुर, लखनपुर और मनीरामपुर सहित जिन क्षेत्रों में भूमि संबंधी समस्याओं के कारण कार्य प्रभावित है, वहां संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि भूमि विवादों के कारण कोई भी जनहितकारी योजना लंबित नहीं रहनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान करें।
पृथ्वीनगर उर्फ अमालपुर में निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर नियमित निगरानी के साथ निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्य की गुणवत्ता और प्रगति दोनों सुनिश्चित हो सके। बैठक में लिट्टीपाड़ा और अमड़ापाड़ा जैसे पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित करने पर भी विशेष चर्चा हुई। सहायक अभियंता, लिट्टीपाड़ा को दोनों प्रखंडों के झरनों का भौतिक निरीक्षण कर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवहार्यता का अध्ययन करने तथा एक सप्ताह के भीतर विस्तृत ड्राइंग और तकनीकी प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक घर तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी अधिकारी योजनाओं की नियमित निगरानी करें, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेते हुए सभी योजनाओं को समय पर पूरा कराएं, ताकि आमजन को उनका लाभ शीघ्र मिल सके।
0 Response to "जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, पेयजल व्यवस्था की उपायुक्त ने की समीक्षा"
एक टिप्पणी भेजें