सिंदरी के पीडीआईएल गेट पर कामरेड ए.के. राय की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, जनसैलाब उमड़ा। पूर्व विधायक आनंद महतो ने किया अनावरण, विधायक चंद्रदेव महतो के नेतृत्व में निकला बाइक जुलूस।
मंगलवार, 21 जुलाई 2026
Comment
सिंदरी: महान क्रांतिकारी, मजदूर-किसानों के मसीहा एवं पूर्व सांसद अमर शहीद कामरेड ए.के. राय 'राय बाबू' की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को सिंदरी स्थित पीडीआईएल गेट के समक्ष उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण सिंदरी के पूर्व विधायक आनंद महतो ने किया।
इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए सिंदरी एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बाइक जुलूस से शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के नेतृत्व में 'जय हिंद मोड़ बिरसा समिति' से निकले विशाल बाइक जुलूस से हुई। जुलूस पीडीआईएल गेट स्थित प्रतिमा स्थल तक पहुंचा। जुलूस के माध्यम से राय बाबू के विचारों और शोषित-पीड़ितों की लड़ाई को जीवंत रखने का संदेश दिया गया।
अनावरण के बाद हुई श्रद्धांजलि सभा
प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बावजूद राय बाबू ने मजदूरों और किसानों के हक के लिए नौकरी त्याग दी। चार बार सांसद और विधायक रहने के बाद भी उन्होंने कभी पेंशन नहीं ली और न ही कोई सरकारी सुख-सुविधा ली। उनका जीवन सादगी और संघर्ष का प्रतीक था।
कार्यक्रम का संचालन राजीव मुखर्जी ने किया। मंच पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक आनंद महतो, विशिष्ट अतिथि निरसा विधायक अरुप चटर्जी और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो उपस्थित थे।
इस मौके पर RJD नेता तारकेश्वर यादव, भाजपा नेता दिनेश सिंह, दीपक कुमार दीपू, कांग्रेस नेता अजय कुमार, अजय सिंह,JMM नगर अध्यक्ष परशुराम सिंह, झारखंड बचाओ संग्राम समिति के अध्यक्ष कौशल सिंह, प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, जिला परिषद सदस्य श्वेता कुमारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कामरेड ए.के. राय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।
0 Response to "सिंदरी के पीडीआईएल गेट पर कामरेड ए.के. राय की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, जनसैलाब उमड़ा। पूर्व विधायक आनंद महतो ने किया अनावरण, विधायक चंद्रदेव महतो के नेतृत्व में निकला बाइक जुलूस। "
एक टिप्पणी भेजें