समाज के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाएगा विहिप, सेवा और सामाजिक कार्यों पर रहेगा जोर
रविवार, 23 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़ : विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक जिला कार्यालय, शहरकोल में जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, स्थापना दिवस, सदस्यता अभियान, सेवा कार्यों तथा संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को समाज के बीच निरंतर संपर्क बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विहिप के विभाग मंत्री अरविंद घोष ने बताया कि 4 सितंबर से 13 सितंबर तक जिले के सभी प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा स्वर्गीय अशोक सिंघल के शताब्दी वर्ष सेवा जयंती के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने और सेवा कार्यों को व्यापक रूप देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
विहिप के जिला मंत्री विशाल भगत ने कहा कि संगठन का विस्तार किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे संगठन का विस्तार होना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से नए लोगों के संपर्क में आने और उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को निरंतर समाज के बीच रहकर लोगों से संवाद स्थापित करना होगा। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को गांव और पंचायत स्तर तक मजबूत करने पर भी जोर दिया।
प्रांतीय सलाहकार अशोक वर्मा ने कहा कि बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति सहित कई संगठन समाज के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। इन संगठनों का उद्देश्य सनातनी समाज को मजबूत करते हुए उसे उच्च शिखर तक ले जाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने और समाज के लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे विहिप के जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद सनातनी समाज के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जाति एवं वर्ग के बीच समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे प्रयासों को रोकने के लिए समाज में एकता और आपसी समन्वय को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समविचारी संगठनों के साथ मिलकर समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया जाएगा।
बैठक में स्थापना दिवस कार्यक्रम को प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक पहुंचाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को व्यापक बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
0 Response to "समाज के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाएगा विहिप, सेवा और सामाजिक कार्यों पर रहेगा जोर"
एक टिप्पणी भेजें