-->
एंडेवर एकेडमी पाकुड़ में जे-टेट की निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज, सैकड़ों अभ्यर्थियों ने परखी अपनी तैयारी

एंडेवर एकेडमी पाकुड़ में जे-टेट की निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज, सैकड़ों अभ्यर्थियों ने परखी अपनी तैयारी

पाकुड़ : जिले के बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड एवं जिला प्रशासन पाकुड़ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित शिक्षण संस्थान एंडेवर एकेडमी पाकुड़ में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जे-टेट) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज का आयोजन किया गया। रविवार को आयोजित इस मॉक टेस्ट में जिलेभर से सैकड़ों जे-टेट अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और परीक्षा के निर्धारित पैटर्न के अनुरूप अपनी तैयारी का आकलन किया।

एंडेवर एकेडमी के निदेशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य जे-टेट अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा का अनुभव उपलब्ध कराने के साथ उनकी तैयारी की कमियों और कमजोर विषयों की पहचान कराना था। मॉक टेस्ट में अभ्यर्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम एवं परीक्षा पैटर्न के अनुरूप प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया, जिससे वे परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन, प्रश्नों को हल करने की गति तथा अपनी विषयवार तैयारी का मूल्यांकन कर सकें।

संस्थान के निदेशक विकास तिवारी ने बताया कि जे-टेट को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह है, लेकिन सही मार्गदर्शन और परीक्षा के पैटर्न के अनुरूप नियमित अभ्यास की कमी के कारण कई अभ्यर्थी बेहतर तैयारी के बावजूद परीक्षा में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए एंडेवर एकेडमी की ओर से प्रत्येक रविवार को पूरी तरह निःशुल्क मॉक टेस्ट का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थियों को लगातार अभ्यास का अवसर मिल सके और वे आगामी परीक्षा के लिए आत्मविश्वास के साथ तैयार हो सकें।

उन्होंने बताया कि यह मॉक टेस्ट जे-टेट के नवीनतम पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है। परीक्षा समाप्त होने के बाद विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों के उत्तरों की समीक्षा की जाती है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की शंकाओं को दूर करने के लिए प्रश्नोत्तर एवं शंका समाधान सत्र भी आयोजित किया जाता है। इससे विद्यार्थियों को केवल अंक प्राप्त करने के बजाय अपनी वास्तविक कमियों को समझने और उनमें सुधार करने का अवसर मिल रहा है।

मॉक टेस्ट में शामिल अभ्यर्थियों ने एंडेवर एकेडमी की इस पहल की सराहना की। अभ्यर्थियों का कहना था कि नियमित रूप से इस प्रकार की परीक्षा में शामिल होने से उन्हें अपनी तैयारी का वास्तविक स्तर समझने में मदद मिल रही है। साथ ही किन विषयों में अधिक मेहनत की आवश्यकता है, इसकी जानकारी भी मिलती है। परीक्षा के दौरान समय का बेहतर प्रबंधन करने और निर्धारित समय में अधिक से अधिक प्रश्नों को सही तरीके से हल करने का अभ्यास भी इस टेस्ट सीरीज के माध्यम से हो रहा है।

संस्थान की ओर से बताया गया कि यह निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज आगामी जे-टेट परीक्षा तक प्रत्येक रविवार को लगातार जारी रहेगी। संस्थान का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। पिछले तीन वर्षों से संचालित एंडेवर एकेडमी के माध्यम से प्रत्येक वर्ष दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विभिन्न परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।

आयोजित मॉक टेस्ट के दौरान संस्था के प्रिंस प्रकाश, प्रेम प्रताप सिंह, उदय कुमार, नीरज कुमार राउत समेत भारी संख्या में जे-टेट परीक्षार्थी मौजूद रहे।

0 Response to "एंडेवर एकेडमी पाकुड़ में जे-टेट की निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज, सैकड़ों अभ्यर्थियों ने परखी अपनी तैयारी"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4