-->
राष्ट्रीय खेल दिवस पर पाकुड़िया के सरकारी विद्यालयों में खेलों की धूम, साइकिल रैली के साथ हुआ समापन

राष्ट्रीय खेल दिवस पर पाकुड़िया के सरकारी विद्यालयों में खेलों की धूम, साइकिल रैली के साथ हुआ समापन

पाकुड़िया : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर पाकुड़िया प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में 27, 29 एवं 30 अगस्त तक विभिन्न खेलकूद एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। आयोजन में उर्दू प्राथमिक विद्यालय पाकुड़िया, पीएम श्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय पाकुड़िया, उत्क्रमित उच्च विद्यालय महुलपहाड़ी सहित प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

27 अगस्त को विद्यालयों में ऊर्जावान 29 चुनौती, पास द बॉल, कला प्रतियोगिता, योग, सामूहिक पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी एवं तीरंदाजी सहित विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन, खेल उपलब्धियों और अनुशासन से विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच 50, 100, 200, 400 एवं 800 मीटर दौड़ सहित बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम, लूडो, कबड्डी, खो-खो, शतरंज, टेबल टेनिस, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

रविवार को आयोजन के अंतिम दिन 30 अगस्त को “रविवार साइकिल के साथ” कार्यक्रम के तहत साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नियमित शारीरिक गतिविधि, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों का समापन किया गया।

इस दौरान 27 एवं 29 अगस्त को आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

पूरे आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा देना रहा। विद्यालयों में आयोजित विभिन्न खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्रिय रहने का संदेश दिया गया।

0 Response to "राष्ट्रीय खेल दिवस पर पाकुड़िया के सरकारी विद्यालयों में खेलों की धूम, साइकिल रैली के साथ हुआ समापन"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4