पाकुड़ में पासपोर्ट सेवा केंद्र और के.के.एम. कॉलेज में पीजी शुरू कराने की मांग, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले शाहिद इकबाल और अर्धेंदु गांगुली
रविवार, 30 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ जिला मुख्यालय में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने और के.के.एम. कॉलेज में स्नातकोत्तर यानी पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस जिला महासचिव अर्धेंदु गांगुली एवं झामुमो के पूर्व केंद्रीय समिति सदस्य शाहिद इकबाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित निवेदन सौंपा। दोनों नेताओं ने जिले की आवश्यकताओं और विद्यार्थियों तथा आम लोगों को हो रही परेशानियों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।
मुलाकात के दौरान पासपोर्ट सेवा केंद्र की आवश्यकता पर विशेष रूप से ध्यान आकृष्ट कराया गया। बताया गया कि पाकुड़ जिले से बड़ी संख्या में युवा उच्च शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए विदेश जाते हैं। इसके अलावा जिले से लोग हज के लिए भी विदेश की यात्रा करते हैं। पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया के लिए जिले के लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है, जिसके कारण उन्हें समय और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला मुख्यालय में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित होने से युवाओं, छात्रों, विदेश में रोजगार की तलाश करने वाले कामगारों तथा हज यात्रियों सहित जिले के आम लोगों को काफी राहत मिल सकेगी।
शाहिद इकबाल और अर्धेंदु गांगुली ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पाकुड़ जिला मुख्यालय में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए, ताकि जिले के लोगों को पासपोर्ट से संबंधित कार्यों के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़े।
इसके साथ ही के.के.एम. कॉलेज, पाकुड़ में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। नेताओं ने कहा कि पाकुड़ में के.के.एम. कॉलेज जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थान के बावजूद यहां अभी स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसका सबसे अधिक प्रभाव उन विद्यार्थियों पर पड़ता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं तथा विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बताया गया कि स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दुमका स्थित सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय अथवा अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर पढ़ाई के साथ-साथ आवागमन, रहने और अन्य खर्चों का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। स्थानीय स्तर पर ही स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम उपलब्ध होने से पाकुड़ जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने में काफी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री से मांग की गई कि के.के.एम. कॉलेज में स्नातकोत्तर की कक्षाएं शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके साथ ही विभिन्न विषयों में शिक्षकों के आवश्यक पद सृजित करने तथा कॉलेज की आधारभूत संरचना को भी मजबूत किया जाए। प्रयोगशाला, पुस्तकालय सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किए जाने की आवश्यकता पर भी ध्यान आकृष्ट कराया गया।
अर्धेंदु गांगुली एवं शाहिद इकबाल ने कहा कि पाकुड़ में पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना और के.के.एम. कॉलेज में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू होने से जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, कामगारों और आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा विभाग से दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
0 Response to "पाकुड़ में पासपोर्ट सेवा केंद्र और के.के.एम. कॉलेज में पीजी शुरू कराने की मांग, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले शाहिद इकबाल और अर्धेंदु गांगुली"
एक टिप्पणी भेजें