-->
राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिलिंग से गूंजा फिटनेस का संदेश, तीन दिवसीय खेल समारोह का भव्य समापन

राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिलिंग से गूंजा फिटनेस का संदेश, तीन दिवसीय खेल समारोह का भव्य समापन

पाकुड़ : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह का रविवार को भव्य समापन हुआ। समारोह के तीसरे एवं अंतिम दिन “सक्रिय रहें” थीम के तहत “विशेष रविवार—साइकिल संस्करण” का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं के साथ जिले के विभिन्न खिलाड़ियों और युवाओं ने साइकिलिंग गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

“विशेष रविवार—साइकिल संस्करण” का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ साइकिल चलाते हुए सक्रिय रहने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

 साइकिलिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम 
आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता में विभिन्न आयु और वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक अंडर-14 वर्ग में विवेक दास ने प्रथम, रौशन कुमार भगत ने द्वितीय और सुदीप दास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका अंडर-14 वर्ग में सुधा कुमारी पासवान प्रथम, रेयाक्षा प्रवीण द्वितीय और कल्याणी सरकार तृतीय स्थान पर रहीं।

सीनियर पुरुष वर्ग में समीर अंसारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि नज़मी शेख द्वितीय और बिकास साहा तृतीय स्थान पर रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 खेल और शारीरिक गतिविधियों से स्वस्थ जीवन का संदेश

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह, प्रशिक्षक अक्षय बाउरी, संजय भगत सहित अन्य खेलकर्मी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियां केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं। नियमित खेलकूद स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मविश्वास के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से प्रतिदिन खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने का आह्वान किया।

 तीन दिवसीय समारोह में खेल और फिटनेस को लेकर दिखा उत्साह

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दौरान जिले में विभिन्न खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना, फिटनेस के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा “एक घंटा खेल के मैदान में” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

तीन दिवसीय समारोह के समापन पर यह संदेश दिया गया कि खेल केवल प्रतियोगिता, जीत और पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित खेलकूद एवं शारीरिक सक्रियता स्वस्थ, खुशहाल और बेहतर जीवन की मजबूत नींव है। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संकल्प के साथ खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और युवाओं ने स्वस्थ, सक्रिय और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

0 Response to "राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिलिंग से गूंजा फिटनेस का संदेश, तीन दिवसीय खेल समारोह का भव्य समापन"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4