-->
भर्ती व्यवस्था सुधार की मांग को लेकर पाकुड़ पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो, सरकार पर युवाओं के हक से खिलवाड़ का लगाया आरोप

भर्ती व्यवस्था सुधार की मांग को लेकर पाकुड़ पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो, सरकार पर युवाओं के हक से खिलवाड़ का लगाया आरोप

पाकुड़ : छात्र अधिकार यात्रा सह भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत शनिवार को छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पाकुड़ पहुंचे। पाकुड़ पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद देवेंद्र नाथ महतो ने सिद्धू-कान्हू पार्क पहुंचकर सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और भर्ती व्यवस्था में सुधार के साथ युवाओं के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड में ऊंची कीमत पर नौकरी बेची जा रही है और राज्य के युवाओं के हक के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।

 अब तक हुई बहालियों की जांच की मांग
देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य में अब तक हुई बहालियों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी के परिवार में भी गलत तरीके से नियुक्ति हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए और गलत तरीके से हुई नियुक्ति को निरस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि भर्ती परीक्षा अधिकार यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों में निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा की शुरुआत स्वर्गीय वीर शिबू सोरेन की धरती नेमरा से हुई है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है तो पहले झारखंड बंद किया जाएगा और इसके बाद सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

 ‘दिन-रात मेहनत करने वाले विद्यार्थियों की आवाज है यात्रा’ 

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्र अधिकार यात्रा सह भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा उन विद्यार्थियों की आवाज है, जो दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। राज्य की बालू, पहाड़-पर्वत-पठार, जल-जंगल-जमीन तथा कोयला, अभ्रक और बॉक्साइट जैसी खनिज संपदाओं का दोहन हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जल-जंगल-जमीन और प्राकृतिक संसाधन झारखंड की आत्मा से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता बताते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

स्थानीय और नियोजन नीति लागू करने की मांग

उन्होंने झारखंड में स्थानीय नीति और नियोजन नीति लागू कर झारखंडियों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने और पहचान के बजाय मेहनत एवं योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से नियुक्ति किए जाने की मांग रखी।

उन्होंने कहा कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और युवाओं के अधिकारों की रक्षा की गारंटी नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

मौके पर मार्क्स बास्की, गोल्डन हसदा, सैमुअल मालतो, मोहम्मद नदीम अली, जहांगीर अंसारी, मार्टिन बास्की, प्रेम प्रकाश सोरेन, सुमित सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।

0 Response to "भर्ती व्यवस्था सुधार की मांग को लेकर पाकुड़ पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो, सरकार पर युवाओं के हक से खिलवाड़ का लगाया आरोप"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4