MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ वार्ड स्तर तक जनजागरण अभियान चलाएगा झामुमो
रविवार, 30 अगस्त 2026
Comment
सिंदरी: दिनांक 30 अगस्त 2026, रविवार को झमरू कार्यालय, सिंदरी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), सिंदरी नगर कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष श्री परशुराम सिंह ने की तथा संचालन नगर उपाध्यक्ष श्री मलय चंद्र महतो ने किया।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR) के संभावित प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय सदस्य श्री सुखलाल मरांडी तथा झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के जोनल सचिव श्री रामू मंडल की देखरेख में आगे की आंदोलनात्मक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि MMDR संशोधन अधिनियम का सीधा प्रभाव देश के खनिज संसाधनों, खनन क्षेत्रों, राज्य के राजस्व तथा स्थानीय जनता के अधिकारों पर पड़ सकता है। विशेष रूप से झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के हितों की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण आवश्यक है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ पंचायत स्तर तक व्यापक जनआंदोलन और जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत झामुमो कार्यकर्ता सिंदरी नगर क्षेत्र के तीनों वार्डों में घर-घर एवं आम जनता के बीच पहुंचकर अधिनियम के संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे तथा झारखंड के हितों की रक्षा के लिए लोगों को संगठित करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण झारखंड के खनिज संसाधनों और यहां की जनता के अधिकारों पर पड़ने वाले प्रभाव को आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाया जाएगा और लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से श्री अशोक महतो, श्री दिवास बहरा, श्री परमेश्वर मंडल, श्री आशीष मंडल सहित झामुमो के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
झामुमो सिंदरी नगर कमिटी ने स्पष्ट किया कि झारखंड की खनिज संपदा और राज्य के हितों की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष को मजबूत करेगी तथा जनता को साथ लेकर इस मुद्दे को पंचायत स्तर तक ले जाएगी।
0 Response to "MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ वार्ड स्तर तक जनजागरण अभियान चलाएगा झामुमो"
एक टिप्पणी भेजें