-->
गोविंदपुर में 'धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर' का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

गोविंदपुर में 'धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर' का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण




रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद:उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने गुरुवार को आर.एस. मोर कॉलेज, गोविंदपुर परिसर में 'धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर' का फीता काटकर उद्घाटन किया। यह केंद्र जिला प्रशासन धनबाद एवं एचडीएफसी बैंक व बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से 'प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन' द्वारा संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

45 दिन का प्रशिक्षण, मिलेगा 100% प्लेसमेंट

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उद्योग की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्र में मल्टी फंक्शनल ऑफिस एसोसिएट्स तथा फूड एंड बेवरेज जैसे रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों का संचालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 45 दिनों का यह गहन प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी सफल विद्यार्थियों को राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) का मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र दिया जाएगा। साथ ही कोर्स पूरा होने के तुरंत बाद शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि कॉलेज परिसर में इस कौशल विकास केंद्र की शुरुआत का मुख्य उद्देश्य प्राचार्य एवं फैकल्टी के सहयोग से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ पहुंचाना है। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि केंद्र में कोई भी सीट रिक्त न रहे।

उन्होंने प्रशिक्षण में अनुशासन और शत-प्रतिशत उपस्थिति के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट पाठ्यक्रम छोटे और समयबद्ध होते हैं, इसमें एक भी दिन की अनुपस्थिति छात्र को काफी पीछे कर सकती है।

इस दौरान एचडीएफसी बैंक के जीआइबी स्टेट हेड परविंदर सिंह तथा आर.एस. मोर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार ने भी युवाओं को संबोधित किया।

बताते चलें कि 'धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर' के लिए बैंक ऑफ इंडिया द्वारा कंप्यूटर, फर्नीचर सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई है।

समारोह में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीएमएफटी टीम लीडर शैलेश तिवारी, एलडीएम अमित कुमार सहित जिला प्रशासन, बैंक और प्रथम फाउंडेशन के कई अधिकारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


0 Response to "गोविंदपुर में 'धनबाद हॉस्पिटैलिटी सेंटर' का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4