रोजगार मेले में 900 युवाओं ने आजमाई किस्मत, 145 को मिला सीधा चयन; 183 अभ्यर्थी अगली प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट
शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़ : नौकरी की तलाश कर रहे युवक-युवतियों के लिए बाजार समिति परिसर में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला उम्मीदों का मंच बना। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, पाकुड़ की ओर से आयोजित इस मेले में कुल 900 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 145 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 183 अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित युवक-युवतियों के बीच उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज, परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार, पणन सचिव संजय कच्छप, आरजेडी जिला सचिव रंजीत कुमार सिंह एवं जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। रोजगार मेले में आठवीं कक्षा उत्तीर्ण से लेकर स्नातक तक की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवक-युवतियों को विभिन्न नियोजन एजेंसियों के माध्यम से रोजगार के अवसरों से जुड़ने का मौका मिला।
बदलती तकनीक के अनुसार कौशल विकसित करें युवा : उपायुक्त
अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के लिए युवाओं का प्रशिक्षित और दक्ष होना बेहद जरूरी है। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न राज्यों से आई नियोजन एजेंसियां युवाओं को बाजार में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और नई जॉब प्रोफाइल की जानकारी उपलब्ध कराती हैं।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर और मशीन आधारित तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल से रोजगार के नए क्षेत्र विकसित हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप अपने कौशल और दक्षता को लगातार विकसित करना चाहिए। उपायुक्त ने नियोजन एजेंसियों से पाकुड़ के प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने युवाओं से स्थानीय स्तर के साथ-साथ जिले से बाहर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का भी लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि शुरुआती संघर्षों से निराश होने के बजाय धैर्य और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उपायुक्त ने नियोजन विभाग को निर्देश दिया कि मेले के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाए। उन्होंने कहा कि केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि नियोजित युवाओं को लगातार मार्गदर्शन और सहयोग देना भी जरूरी है।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार हो रहे प्रयास : परियोजना निदेशक
परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का ने कहा कि झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिले में नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को विभिन्न नियोजन एजेंसियों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप अवसरों का चयन करने तथा कार्यस्थल पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
योग्यता और अभिरुचि के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना उद्देश्य : जिला नियोजन पदाधिकारी
जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि इस रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवक-युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता और अभिरुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से विभिन्न नियोजन एजेंसियों के स्टॉल पर जाकर रिक्तियों, आवश्यक योग्यताओं और उपलब्ध पदों की जानकारी लेने तथा अपनी रुचि के अनुसार आवेदन करने की अपील की।
वहीं, जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से इन अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने स्टॉलों का निरीक्षण कर ली चयन प्रक्रिया की जानकारी
रोजगार मेले के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विभिन्न नियोजन एजेंसियों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एजेंसियों के प्रतिनिधियों से उपलब्ध रिक्तियों, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया और रोजगार की प्रकृति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अभ्यर्थियों को उपलब्ध अवसरों की स्पष्ट जानकारी देने तथा उनकी योग्यता के अनुरूप नियोजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
0 Response to "रोजगार मेले में 900 युवाओं ने आजमाई किस्मत, 145 को मिला सीधा चयन; 183 अभ्यर्थी अगली प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट"
एक टिप्पणी भेजें