पौष्टिक व्यंजनों की प्रतियोगिता में महेशपुर अव्वल, पाकुड़ सदर दूसरे और हिरणपुर तीसरे स्थान पर
शनिवार, 10 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़ : पोषण माह 2026 के तहत समाहरणालय में पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महेशपुर बाल विकास परियोजना ने प्रथम, पाकुड़ सदर ने द्वितीय और हिरणपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में जिले के सभी छह प्रखंडों की आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्रियों का इस्तेमाल कर पौष्टिक व्यंजन तैयार किए और आकर्षक स्टॉल लगाए। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्रियों से पौष्टिक भोजन तैयार करने, संतुलित आहार अपनाने और कुपोषण की रोकथाम के प्रति आम लोगों को जागरूक करना था।
इस दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए पौष्टिक एवं संतुलित आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा समाज में पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर पोषण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और कुपोषण की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी छह प्रखंडों के व्यंजन स्टॉलों का बारी-बारी से निरीक्षण किया और तैयार व्यंजनों के स्वाद एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों के कर्मियों और उपस्थित लोगों ने भी पौष्टिक व्यंजनों का आनंद लिया। इस पहल के माध्यम से स्थानीय खाद्य सामग्रियों के पोषण संबंधी महत्व और संतुलित आहार की उपयोगिता को सामने लाया गया।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं को पुरस्कृत किया गया। महेशपुर बाल विकास परियोजना को प्रथम, पाकुड़ सदर को द्वितीय और हिरणपुर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार देकर प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई और पोषण जागरूकता के क्षेत्र में उनके योगदान को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पाकुड़, सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं और जिला समाज कल्याण शाखा के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 Response to "पौष्टिक व्यंजनों की प्रतियोगिता में महेशपुर अव्वल, पाकुड़ सदर दूसरे और हिरणपुर तीसरे स्थान पर"
एक टिप्पणी भेजें