दुर्गापूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच, भीड़ नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा पर अधिकारियों का जोर
शनिवार, 10 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़ : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने पाकुड़ शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सरस्वती पुस्तकालय, श्मशान कालीघाट, राजापाड़ा, रेलवे स्टेशन, कालिकापाड़ा और शीतला मंदिर सहित विभिन्न पूजा स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों और संबंधित पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश और निकास मार्ग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
अधिकारियों ने पूजा पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्युत तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित रखने तथा आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते बाधारहित रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों का पालन कराया जाए।
यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए सतत निगरानी के निर्देश
निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने पूजा समितियों से जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
जिला प्रशासन की ओर से दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (विद्युत), अंचलाधिकारी, पाकुड़, अग्निशमन पदाधिकारी, नगर थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, यातायात प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Response to "दुर्गापूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच, भीड़ नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा पर अधिकारियों का जोर"
एक टिप्पणी भेजें