दुर्गापूजा में हुड़दंग और अवैध बालू उठाव पर पुलिस की सख्ती, थाना प्रभारियों को एसडीपीओ ने दिए कार्रवाई के निर्देश
शनिवार, 10 अक्टूबर 2026
Comment
महेशपुर : दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के साथ अपराध नियंत्रण तथा अवैध बालू उठाव पर रोक लगाने को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। शनिवार को महेशपुर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में एसडीपीओ विजय कुमार ने थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराधियों की गतिविधियों, लंबित मामलों और दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में एसडीपीओ विजय कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखना जरूरी है। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसडीपीओ ने पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर भी नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र में शांति, आपसी भाईचारा और सौहार्द का माहौल कायम रहे।
बैठक के दौरान लंबित मामलों की समीक्षा करने, अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने तथा किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को भी कहा।
*अवैध बालू उठाव करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई*
बैठक में बालू उठाव को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। एसडीपीओ ने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की रोक समाप्त होने के बाद बालू का उठाव केवल संबंधित वैध घाटों से ही किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति या अन्य पक्ष की ओर से अवैध बालू घाटों से बालू का उठाव किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस पर निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया।
0 Response to "दुर्गापूजा में हुड़दंग और अवैध बालू उठाव पर पुलिस की सख्ती, थाना प्रभारियों को एसडीपीओ ने दिए कार्रवाई के निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें