-->
धूल के गुबार, तेज रफ्तार भारी वाहन और बंद स्ट्रीट लाइट से हिरणपुर बेहाल, युवाओं ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

धूल के गुबार, तेज रफ्तार भारी वाहन और बंद स्ट्रीट लाइट से हिरणपुर बेहाल, युवाओं ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

हिरणपुर : मुख्य सड़क पर उड़ते धूल के गुबार, भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट ने हिरणपुर बाजार क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क की बदहाल स्थिति और वाहनों की लगातार आवाजाही से घनी आबादी वाले इलाके में प्रदूषण के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। इन गंभीर समस्याओं को लेकर हिरणपुर के युवाओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल ठोस सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।

युवाओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि हिरणपुर से पाकुड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर हाई स्कूल मोड़ से रानीपुर मोड़ तक स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सड़क से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण लगातार धूल उड़ती रहती है। हवा में धूलकणों की मोटी परत फैलने से बच्चों, बुजुर्गों और दमा के मरीजों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, धूल के कारण सड़क पर दृश्यता भी काफी कम हो जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क से उड़ने वाली धूल का असर आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच रहा है। घरों के अंदर और दुकानों में रखी खाद्य सामग्री पर धूल जमने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस स्थिति ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

युवाओं ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि विद्यालयों में छुट्टी होने के समय ही भारी वाहनों का आवागमन जारी रहता है। ऐसे में सड़क पर बच्चों की आवाजाही के बीच भारी वाहनों की तेज रफ्तार किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

इसके अलावा रात के समय कोयला लदे डंपरों के निर्धारित मार्ग को छोड़कर घनी आबादी वाले क्षेत्र से तेज गति में गुजरने का मुद्दा भी उठाया गया है। युवाओं के अनुसार, इससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। वहीं, सड़क किनारे लगाए गए स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिसके कारण रात में पूरे मार्ग पर अंधेरा छाया रहता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

हिरणपुर के युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उपायुक्त से मांग की है कि मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति में सुधार कराया जाए, धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए, भारी वाहनों की रफ्तार और आवागमन पर निगरानी रखी जाए तथा विद्यालयों की छुट्टी के समय बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कोयला डंपरों के निर्धारित मार्ग का पालन कराने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने की मांग की गई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से भी जुड़ी हुई है। इसलिए प्रशासन को मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि हिरणपुर के लोगों को धूल, प्रदूषण, अंधेरे और दुर्घटनाओं के बढ़ते खतरे से राहत मिल सके।

0 Response to "धूल के गुबार, तेज रफ्तार भारी वाहन और बंद स्ट्रीट लाइट से हिरणपुर बेहाल, युवाओं ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4