उच्च न्यायालय के निर्देश पर पाकुड़ जेल में औचक जांच, कैदियों के भोजन और सुविधाओं का लिया जायजा
गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़: झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में पाकुड़ मंडल कारागार का गुरुवार को औचक निरीक्षण किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव रूपा बंदना किरो ने जेल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जेल में बंद कैदियों को जेल मैनुअल के अनुरूप पौष्टिक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं।
दिवाकर पांडेय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम ने जेल के रसोईघर का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मैन्यू के अनुरूप भोजन की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जेल में कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई।
जांच के दौरान रूपा बंदना किरो ने जेल प्रशासन को स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में भोजन की व्यवस्था मैन्यू के अनुसार संतोषजनक पाई गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि जेल में बंद कैदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव रूपा बंदना किरो ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था का उद्देश्य केवल न्याय प्रदान करना ही नहीं, बल्कि जेल में बंद व्यक्तियों के मानवाधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे निरीक्षण किए जाते हैं, ताकि जेल व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की स्थिति उत्पन्न न हो।
0 Response to "उच्च न्यायालय के निर्देश पर पाकुड़ जेल में औचक जांच, कैदियों के भोजन और सुविधाओं का लिया जायजा"
एक टिप्पणी भेजें