-->
बड़तल्ला मैदान में सोगले बी टीम ने जीता फुटबॉल का खिताब, विजेता को मिला मवेशी

बड़तल्ला मैदान में सोगले बी टीम ने जीता फुटबॉल का खिताब, विजेता को मिला मवेशी

पाकुड़िया: प्रखंड अंतर्गत पलियादाहा पंचायत के बड़तल्ला फुटबॉल मैदान में गोगो बाबा मेमोरियल के तत्वावधान में गुरुवार को फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का भव्य आयोजन किया गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में सोगले बी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। मैच के बाद विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा और खेलप्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व मुखिया दाऊद मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका स्वागत बुके देकर किया।

इस अवसर पर दाऊद मरांडी ने खिलाड़ियों और उपस्थित युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके साथ ही खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।

उन्होंने युवाओं से खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज मैदान पर मेहनत करने वाला युवा आने वाले समय में अपने गांव, प्रखंड, जिला और पूरे झारखंड का नाम रोशन कर सकता है।

फाइनल मुकाबले के बाद विजेता सोगले बी टीम को पुरस्कार के रूप में एक मवेशी तथा उपविजेता टीम को एक खस्सी प्रदान की गई। पुरस्कार मिलने के बाद विजेता टीम के खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुखिया मरियम हेम्ब्रम, सालभातोर मरांडी, राजकुमार भगत, लालबाबू शेख, निवारण मरांडी, क्लब के अध्यक्ष साइमन मरांडी, सचिव राकेश टुडू, महासचिव राम टुडू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

0 Response to "बड़तल्ला मैदान में सोगले बी टीम ने जीता फुटबॉल का खिताब, विजेता को मिला मवेशी"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4