-->
30 परीक्षा केंद्रों पर 16,336 अभ्यर्थियों ने दी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न

30 परीक्षा केंद्रों पर 16,336 अभ्यर्थियों ने दी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न

पाकुड़ : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 रविवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए कुल 16,336 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

प्रथम पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए कुल 12,568 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 10,587 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जबकि 1,981 अनुपस्थित रहे। इस पाली में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 84.24 प्रतिशत दर्ज की गई।

वहीं, द्वितीय पाली में कक्षा 1 से 5 के लिए कुल 3,768 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3,221 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 547 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 85.48 रहा।

परीक्षा के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी केंद्रों के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी।

जिला प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया था।

परीक्षा के दौरान जिले के किसी भी केंद्र से कदाचार अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जिला प्रशासन की सतत निगरानी, बेहतर समन्वय और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के परिणामस्वरूप झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 जिले में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

0 Response to "30 परीक्षा केंद्रों पर 16,336 अभ्यर्थियों ने दी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4