
छेड़छाड़ से तंग किशोरी ने आत्मदाह किया
गुरुवार, 10 मई 2018
एक 14 वर्षीय किशोरी ने छेड़छाड़ से तंग होकर तेल छिड़क कर अपने आपको आग लगा ली। दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मुजेसर थाना पुलिस ने किशोरी की मां की शिकायत पर पड़ोस में रहने वाले किराएदार अमित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मुजेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय किशोरी और आरोपी अमित कुमार का परिवार एक ही मकान में किराए पर रहते हैं। पिछले कुछ समय से आरोपी किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। आरोपी ने एक मई की रात को किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था, लेकिन डर के कारण उस वक्त किशोरी ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी थी। आरोपी छत पर जाते समय सीढ़ियों पर किशोरियों के साथ छेड़खानी करता था। सात मई को किशोरी ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी थी।
आरोप है कि जब किशोरी की मां ने मकान मालिक को इस बारे में जानकारी दी तो मकान मालिक ने भी आरोपी की तरफदारी की। आठ मई को महिला ड्यूटी पर चली गई थी, तभी उन्हें पता चला कि उनकी बेटी ने तनावग्रस्त होकर तेल छिड़ककर आग लगा ली है। इसका पता चलते ही वह घर पहुंच गईं और बेटी को बीके अस्पताल ले गईं। डॉक्टर ने किशोरी को दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सफदरजंग अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मुजेसर थाना एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
अस्पताल में युवती के साथ छेड़छाड़
फरीदाबाद। सेक्टर-16ए स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल के नर्सिंग विभाग के कर्मचारी अशोक ने जांच के नाम पर युवती के साथ छेड़खानी की थी। महिला थाना पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना एसएचओ सविता ने बताया कि पीड़ित युवती को आज अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।